मुख्यमंत्री तिरंगा यात्रा में हुए शामिल – पूरा इंदौर देशभक्ति से ओतप्रोत

Share

इंदौर (नव संवाददाता)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर में अपने शौर्य और पराक्रम से वीरता की अप्रतिम गाथा रचने वाले भारत के वीर सैनिकों के सम्मान में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में भाग लिया। इस दौरान पूरा इंदौर देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया और हर तरफ भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों की गूंज सुनाई दी।

शौर्य और पराक्रम की अद्भुत मिसाल

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब एक नए दौर का शक्तिशाली देश बन चुका है। ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की ताकत, एकजुटता और आधुनिक सैन्य क्षमताओं का अहसास कराया है। इस अभियान में भारतीय सेनाओं ने अपने शौर्य, पराक्रम और वीरता से दुश्मनों को अल्प समय में ऐतिहासिक जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि सेना का यह साहसिक कदम हमारे लिए गर्व का विषय है और कोई भी ताकत अब भारत को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती।

ऐतिहासिक राजबाड़ा पर यात्रा का समापन

तिरंगा यात्रा बड़ा गणपति से प्रारंभ होकर गोराकुंड, खजुरी बाजार होते हुए ऐतिहासिक राजबाड़ा पर सम्पन्न हुई। मुख्यमंत्री यादव विशेष रथ में सवार होकर यात्रा में शामिल हुए और पूरे मार्ग पर लोगों का अभिवादन किया। इस यात्रा में हर वर्ग, धर्म और आयु के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने राष्ट्रप्रेम का परिचय दिया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण

यात्रा के प्रारंभ में बड़ा गणपति पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री ने माल्यार्पण किया। इसके बाद राजबाड़ा पहुंचकर उन्होंने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर 10 दिनी उत्सव

मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि 20 मई से 31 मई तक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर 10 दिनी उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ 20 मई को इंदौर के राजबाड़ा में होने वाली कैबिनेट बैठक से होगा और समापन भोपाल में भव्य समारोह के साथ किया जाएगा।

यात्रा में कई गणमान्य लोग हुए शामिल

इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, मनोज पटेल, सुमित मिश्रा और श्रवण चावड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी यात्रा में शामिल हुए।

Scroll to Top