मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामी रामभद्राचार्य, नीरज चोपड़ा और प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

Share

भोपाल (नव संवाददाता)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जगद्गुरु तुलसीपीठाधीश्वर रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य को 2023 के ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित होने पर बधाई दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा साहित्य के क्षेत्र में उनके अद्वितीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दृष्टिबाधित होने के बावजूद स्वामी रामभद्राचार्य ने वेद, उपनिषद और रामकथा की जो गूढ़ व्याख्या की है, वह भारतीय साहित्य और संस्कृति के लिए एक अनुपम धरोहर है। उनकी साधना और तपस्वी जीवन से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी।

विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर जागरूकता का आह्वान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर प्रदेशवासियों से अपने परिवार और समाज में हाई ब्लड प्रेशर के प्रति जागरूकता लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप से बचाव के लिए संयमित जीवनशैली, नियमित योग-व्यायाम, संतुलित आहार और कार्य-जीवन का सही संतुलन बनाए रखना आवश्यक है। यह दिवस सभी को अपनी नियमित जांच के प्रति प्रेरित करता है।

दूरसंचार क्षेत्र में नवाचार की अपील

मुख्यमंत्री ने विश्व दूरसंचार दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत ने दूरसंचार क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा कदम बढ़ाया है। डिजिटल इंडिया के संकल्प के साथ देश ने इस क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नवीन तकनीकों और नवाचारों को अपनाकर विकास यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नीरज चोपड़ा को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा को दोहा डायमंड लीग 2025 में अद्भुत प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। नीरज ने 90.23 मीटर भाला फेंक कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीरज चोपड़ा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरा देश गर्वित है और उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने बाबा महाकाल से नीरज के उज्जवल भविष्य की कामना की।

Scroll to Top