चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय के कायाकल्पित स्वरूप का लोकार्पण

Share

इंदौर (नव संवाददाता)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय बाल चिकित्सालय, चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र के जनभागीदारी से कायाकल्पित स्वरूप का लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने अत्याधुनिक पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) का अवलोकन कर इसे बच्चों के उपचार के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

चिकित्सालय के कायाकल्प की विशेषताएं

चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय का कायाकल्प जनभागीदारी और जनसहयोग से किया गया है। लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से यह कार्य 2 चरणों में हो रहा है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह राशि सामाजिक संगठनों, दानदाताओं, क्रेडाई इंदौर और सीएसआर फंड्स के माध्यम से एकत्र की गई है, जो सामाजिक सहभागिता का अनूठा उदाहरण है।

प्रथम चरण का कार्य पूर्ण

मई 2025 में प्रथम चरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस चरण में वातानुकूलित वार्ड्स, पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू), हाई डिपेंडेंसी यूनिट (एचडीयू), सीवियर मालन्यूट्रीशन ट्रीटमेंट यूनिट (एसएमटीयू), एक्स-रे कक्ष, मॉड्यूलर किचन, फाउलर बेड्स और टॉयलेट्स का निर्माण किया गया है। इन सुविधाओं से बच्चों के उपचार के दौरान अनुकूल वातावरण बनाने में मदद होगी।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएगी, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ लाने का माध्यम भी बनेगी। उन्होंने चिकित्सालय के प्रबंधन और जनसहयोग के इस प्रयास की सराहना की।

Scroll to Top